हरिपुर। देहरा उपमंडल के अंतर्गत हरिपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध रूप से ले जाए जा रहे सरकारी राशन पर बड़ी कार्रवाई की है। गुलेर चौक पर थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर अनूप कुमार के नेतृत्व में लगाए गए विशेष नाके के दौरान पुलिस ने एक बोलेरो पिकअप से सरकारी डिपो में सप्लाई होने वाले आटे की 22 बोरियां बरामद की हैं।
पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर दो लोगों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम (Essential Commodities Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम को नंदपुर-भटोली की ओर से आ रही बोलेरो पिकअप (गाड़ी संख्या: HP36C-1140) को जांच के लिए रोका गया था। तलाशी के दौरान वाहन के भीतर से सरकारी डिपो में सप्लाई होने वाला आटा भारी मात्रा में बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर त्वरित कार्रवाई करते हुए चालक रोहित और उसके साथ मौजूद श्रवण कुमार के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसा है।
पुलिस इस मामले की गहराई से छानबीन कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह सरकारी आटा आखिर कहां से आया था, किसके कोटे या डिपो के नाम पर जारी हुआ था और इसे अवैध रूप से कहां खपाने ले जाया जा रहा था। इस अवैध तस्करी में शामिल अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी देहरा संदीप धवल ने कहा कि पुलिस इस तरह की अवैध गतिविधियों के खिलाफ पूरी तरह मुस्तैद है। मामले की गहनता से जांच जारी है और जांच के दायरे में जो भी व्यक्ति संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही रात्रि नाकाबंदी अपराधियों और तस्करों के लिए नकेल साबित हो रही है। थाना प्रभारी अनूप सिंह के नेतृत्व में हरिपुर पुलिस ने इससे पहले भी शराब और चरस तस्करी के कई मामलों का पर्दाफाश किया है, और अब सरकारी राशन की इस खेप को पकड़कर पुलिस ने एक बार फिर अपनी सतर्कता का परिचय दिया है।