ऋषि महाजन/नूरपुर। हिमाचल प्रदेश के नन्हे खिलाड़ी श्रेयन शर्मा ने शतरंज की दुनिया में ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिसने पूरे प्रदेश और ट्राइसिटी चंडीगढ़ को गर्व से भर दिया है। महज पांच साल की उम्र में श्रेयन सबसे कम उम्र के FIDE रेटेड शतरंज खिलाड़ी बन गए हैं।
सितंबर 2020 में जन्मे और चिंतपूर्णी के मूल निवासी श्रेयन ने सिर्फ 5 साल 6 महीने की उम्र में अंतरराष्ट्रीय रेटिंग हासिल कर नया रिकॉर्ड बना दिया। वर्तमान में वे दिल्ली पब्लिक स्कूल, सेक्टर-40 में प्रेप-II (यूकेजी) के छात्र हैं।
श्रेयन ने 4 साल 8 महीने की उम्र में शतरंज खेलना शुरू किया। उन्होंने Chess.com और Lichess जैसे प्लेटफॉर्म्स पर अभ्यास कर अपनी मजबूत नींव रखी।
अक्टूबर 2025 से उन्होंने प्रतियोगिताओं में भाग लेना शुरू किया और अंडर-9 वर्ग में अपने से बड़े खिलाड़ियों के साथ खेलते हुए शानदार प्रदर्शन किया। कांगड़ा, देहरादून और नई दिल्ली में आयोजित FIDE रेटेड टूर्नामेंट्स में बेहतरीन खेल के दम पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय रेटिंग हासिल की।
अपनी प्रतिभा को और बेहतर बनाने के लिए श्रेयन ने चंडीगढ़ चेस अकादमी जॉइन की है, जहां वे प्रोफेशनल ट्रेनिंग ले रहे हैं। लगातार अभ्यास और मार्गदर्शन से उनका खेल तेजी से निखर रहा है।
श्रेयन की इस उपलब्धि के पीछे उनके परिवार का बड़ा योगदान है। पिता विश्रुत भारती (एसडीएम, फतेहपुर) का मार्गदर्शन और माता दीपिका जिंदल का सहयोग उनके लिए प्रेरणा बना। उनकी बहन भी शतरंज खेलती हैं, जिससे घर में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा का माहौल बना रहता है।
5 साल 6 महीने में FIDE रेटिंग हासिल
ट्राइसिटी और हिमाचल के सबसे कम उम्र के खिलाड़ी
अंडर-9 में बड़े खिलाड़ियों को दी टक्कर
ऑनलाइन सीखकर इंटरनेशनल स्तर तक पहुंचे
श्रेयन शर्मा की यह उपलब्धि न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरे हिमाचल और ट्राइसिटी के लिए गर्व का पल है। उनकी सफलता यह साबित करती है कि मेहनत, अनुशासन और सही दिशा मिले तो छोटी उम्र में भी बड़े मुकाम हासिल किए जा सकते हैं।