भरमौर। श्री मणिमहेश यात्रा के लिए जा रहे श्रद्धालुओं के लिए विशेष सूचना है। भरमौर प्रशासन की तरफ से ये एडवाइजरी जारी की गई है।
एडवाइजरी में कहा गया है कि सभी स्थानीय निवासियों, श्रद्धालुओं एवं बाहरी पर्यटकों को सख्ती से अवगत कराया जाता है कि श्री मणिमहेश यात्रा मार्ग पर वर्तमान में अत्यधिक बर्फबारी के कारण मार्ग गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त एवं अत्यंत जोखिमपूर्ण स्थिति में है। इसके अतिरिक्त मौसम की अनिश्चितता के चलते किसी भी समय गंभीर दुर्घटना होने की प्रबल संभावना बनी हुई है।
अतः आगामी आदेशों तक श्री मणिमहेश यात्रा पूर्णतः प्रतिबंधित की जाती है। किसी भी व्यक्ति को यात्रा करने की अनुमति नहीं है। यदि कोई पर्यटक गाइड/व्यक्ति किसी भी श्रद्धालु अथवा समूह को यात्रा पर ले जाता हुआ पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई तत्काल प्रभाव से अमल में लाई जाएगी।
सभी स्थानीय लोगों से विशेष अपील की जाती है कि यदि कोई व्यक्ति स्वयं श्री मणिमहेश जाता हुआ या किसी को ले जाता हुआ पाया जाए, तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें। प्रशासन के इन निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।
अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी, भरमौर – 01895-225506
उपमंडल अधिकारी (नागरिक), भरमौर – 01895-225027
वन मंडल अधिकारी, भरमौर – 01895-225046
थाना प्रभारी, भरमौर – 01895-225026