ऋषि महाजन/नूरपुर। अवैध खनन के खिलाफ पुलिस जिला नूरपुर का अभियान जारी है। पुलिस ने पुलिस थाना इंदौरा और नूरपुर के तहत 19 भारी वाहनों (Multi-axle trucks) को जब्त किया गया है। एक ट्रैक्टर का चालान काटा गया है।
बता दें कि पुलिस जिला नूरपुर द्वारा अवैध खनन के विरुद्ध अपनाई गई 'जीरो टॉलरेंस' नीति के तहत बीती रात कंडवाल, इंदौरा और मंड (Mand) क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान पुलिस अधीक्षक नूरपुर और पुलिस थाना इंदौरा व नूरपुर की टीमों ने मौके पर उपस्थित रहकर दबिश दी और माइनिंग नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में की गई छापेमारी के दौरान इंदौरा और सीमावर्ती क्षेत्र में 17 भारी मल्टी-एक्सल ट्रकों (Multi-axle trucks) को अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर जब्त किया गया। साथ ही, 01 ट्रैक्टर का नियमों के उल्लंघन के लिए मौके पर चालान किया गया। नूरपुर पुलिस की टीम ने प्रभावी नाकाबंदी के दौरान 02 अन्य भारी ट्रकों को कब्जे में लेकर जब्त किया।
इस पूरी कार्रवाई के दौरान कुल 19 भारी वाहनों (Multi-axle trucks) को पुलिस द्वारा जब्त (Impound) किया गया है। इन सभी वाहनों को खनन और मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत आगामी वैधानिक कार्रवाई के लिए अदालत भेजा जा रहा है। एक ट्रैक्टर का मौके पर ही चालान किया गया है।
पुलिस अधीक्षक नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने निर्देश दिए हैं कि जिला में प्राकृतिक संसाधनों की अवैध निकासी पर अंकुश लगाने हेतु निरंतर गश्त और औचक निरीक्षण जारी रहेंगे। अवैध खनन के विरुद्ध पुलिस का यह कड़ा रुख भविष्य में भी इसी प्रकार बना रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।