ऋषि महाजन/नूरपुर। नूरपुर पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की बाइक बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। जानकारी के अनुसार शामदीन, निवासी वार्ड नंबर 09, बोध (जसूर) ने पुलिस थाना नूरपुर में शिकायत दर्ज करवाई थी कि 24 फरवरी 2026 की रात को जसूर बाजार से उनकी मोटरसाइकिल अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर ली गई। शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संभावित स्थानों पर दबिश दी। घेराबंदी के दौरान भलाख चौक (गंगथ) के समीप आरोपी को चोरी की गई मोटरसाइकिल सहित काबू कर लिया गया।
आरोपी की पहचान अभिषेक (20) पुत्र तरबीज सिंह, निवासी टिप्परी, डाकघर बनेत, तहसील भटियात, जिला चंबा के रूप में हुई है। पुलिस ने मोटरसाइकिल को अपने कब्जे में ले लिया है और आरोपी के विरुद्ध आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और आम जनता की संपत्ति की सुरक्षा के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।