Breaking : चंबा में एक और पुल टूटा, होली के बाद भरमौर का भी मुख्यालय से संपर्क कटा
ewn24news choice of himachal 05 Feb,2023 4:09 pm
चंबा। होली के बाद अब भरमौर का भी चंबा मुख्यालय से संपर्क कट गया है। चंबा-भरमौर एनएच 154-A पर लूना में बना पुल स्लाइडिंग के चलते टूट गया है। पुल टूटने से भरमौर का संपर्क कट गया है।
खड़ामुख से पहले लुणा में अचानक स्लाइड की वजह से पुल टूट गया। जब पुल टूटा कोई भी वाहन पुल से नहीं गुजर रहा था। अब कोई वैकल्पिक व्यवस्था के बाद ही भरमौर का संपर्क मुख्यालय से स्थापित हो सकता है।
बता दें कि चंबा से होली और भरमौर के खड़ामुख तक एक ही सड़क मार्ग जाता है। खड़ामुख से एक सड़क भरमौर तो एक होली की तरफ जाती है। इससे पहले 3 फरवरी को शुक्रवार को चौली में वेली ब्रिज टूट गया था। दो लोड डंपर के एक साथ पुल से गुजरने से पुल टूट गया।
हादसे में एक डंपर चालक की मृत्यु हुई थी और एक घायल हुआ था। चौली जगह होली से 9 किलोमीटर पहले और खड़ामुख से आगे है। पुल टूटने से होली क्षेत्र का संपर्क मुख्यालय चंबा से कट गया। अब खड़ामुख से पहले लुणा में पुल टूटने से भरमौर का भी संपर्क कट गया। होली का संपर्क चौली और लुणा में पुल टूटने से कट गया है।
जब पुल टूटा तब दो लोड डंपर पुल से गुजर रहे थे। लोड डंपर के एक साथ पुल से गुजरने से पुल भार नहीं सहन कर पाया और टूट गया।हादसे की सूचना मिलने के बाद होली पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और एक डंपर चालक को निकालकर अस्पताल भेजा। दूसरे चालक की जान नहीं बचाई जा सकी।
यहां पहले भी लैंडस्लाइड से पुल टूटा था। इसके बाद वैली पुल बनाया गया था। खड़ामुख-होली रोड पर बना यह ब्रिज सिर्फ 9 टन वजन तक के लिए पास था। आसपास के लोग इस पुल को लंबे समय से बड़े वाहनों के लिए बंद करने की अपील कर रहे थे। इसके बावजूद हाइडल प्रोजेक्ट की मैनेजमेंट यहां नियमों को दरकिनार कर भारी-भरकम वाहन छोटे पुल से गुजारती रही। इसी वजह से शुक्रवार शाम को यह हादसा हो गया।