शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने बजट भाषण में कहा कि आगामी वित्त वर्ष में 25000 पदों पर सरकारी नौकरी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि स्कूल और कॉलेज में एक हजार पद भरे जाएंगे। इसके अतिरिक्त विभिन्न श्रेणियों के लगभग 1000 कर्मियों को नियमित किया जाएगा।
वर्ष 2025-2026 के दौरान राज्य में आयुष चिकित्सा पद्धतियों में सुधार के लिए आयुष चिकित्सा अधिकारियों के 200, होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारियों के 3, सोवा रिग्पा चिकित्सा अधिकारियों के 3, यूनानी चिकित्सा अधिकारियों के 2, आयुर्वैदिक फार्मेसी अधिकारियों के 52, लैब तकनीशियनों के 32, स्टाफ नर्स के 33, एएनएम के 82, जेओए (आईटी) के 42 पदों को भरा जाएगा।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि अभी हिमाचल पुलिस कांस्टेबल के 1226 पदों पर भर्ती शुरू है। अगामी वित्त वर्ष में बाकी 1000 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। होमगार्ड के 113 पद भरे जाएंगे। पुलिस कांस्टेबल की पदोन्नति से संबंधित बी-1 परीक्षा लगभग 500 पदों हेतु करवाई जाएगी। इससे संबंधित अधिसूचना शीघ्र ही जारी कर दी जाएगी। उक्त परीक्षा को वर्ष 2017 के बाद से अभी तक नहीं करवाया गया है।
पंचायती राज विभाग में सीधी भर्ती से पंचायत सचिव के 853 पदों पर भर्ती होगी। 219 पद तकनीकी सहायक के भरे जाएंगे। कनिष्ठ अभियंताओं के 65 व सहायक अभियंताओं के 5 पद पदोन्नति से भरे जाएंगे।
जलशक्ति विभाग में 4 हजार 500 पैरा कर्मचारियों, जिनमें 2500 मल्टीपर्पस वर्कर, 1276 पैरा पम्प ऑपरेटर, 500 पैरा फिटर, 92 पैरा कुक और 132 पैरा हेल्पर शामिल हैं, की नियुक्ति स्वीकृति प्रदान की गई है, जिनकी नियुक्ति प्रक्रिया जारी है।
हिमाचल में आंगनबाड़ी वर्कर, आशा वर्कर, मल्टी टास्क वर्कर, एसएमसी शिक्षक, चौकीदार आदि के मानदेय और दिहाड़ीदार की दिहाड़ी में बढ़ोतरी की है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बजट भाषण में इसकी घोषणा की है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दिहाड़ी 25 रुपए बढ़ाने का ऐलान किया है। अब प्रतिदिन 425 रुपए दिहाड़ी मिलेगी। वहीं,आउटसोर्स कर्मियों को 12750 रुपए वेतन मिलेगा। मुख्यमंत्री ने यह भी आश्वस्त किया कि आने वाले समय में आउटसोर्स भर्ती को धीरे-धीरे कम किया जाएगा।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आंगनबाड़ी के मानदेय में 500, मिनी आंगनबाड़ी वर्कर के मानदेय में 300 रुपए बढ़ोतरी का ऐलान किया है। अब इस बढ़ोतरी के साथ आंगनबाड़ी वर्कर को 10500 रुपए और मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को 7400 रुपए मानदेय मिलेगा।
इसके अलावा आंगनबाड़ी सहायक को 300 रुपए बढ़ोतरी के साथ 5800 और आशा वर्कर को 300 रुपए बढ़ोतरी के साथ 5800 रुपए मानदेय मिलेगा। सिलाई अध्यापिकाओं के मानदेय में 500, मिड डे मील वर्कर के मानदेय में भी 500 रुपए की बढ़ोतरी की है।
मिड डे मील को अब 5000 हजार मानदेय मिलेगा। शिक्षा विभाग के वाटर कैरियर के 500 रुपए में बढ़ोतरी की गई है। जल रक्षक का मानदेय 300 रुपए बढ़ाने का ऐलान किया है।
जल शक्ति विभाग और पीडब्ल्यूडी के मल्टी टास्क वर्कर के मानदेय में 500-500 रुपए की बढ़ोतरी की है। पैरा फिटर, पंप ऑपरेटर का मानदेय 300-300 रुपए बढ़ा है। पंचायत चौकीदार और राजस्व चौकीदार के मानदेय में 500-500 रुपए की बढ़ोतरी की गई है। लंबरदार का मानदेय 300, एसएमसी शिक्षक के मानदेय में 500-500 रुपए बढ़ोतरी की है।