राकेश चंदेल/बिलासपुर। हिमाचल के मंडी जिले के दो होनहार खिलाड़ी वरुण वालिया और कुमारी होमानी का चयन आगामी विश्व यूथ सवाते चैंपियनशिप 2025 के लिए भारतीय टीम में हुआ है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 23 से 27 जुलाई 2025 तक ताशकंद, उज्बेकिस्तान में आयोजित की जा रही है।
दोनों खिलाड़ियों ने अपनी कठोर मेहनत, अनुशासन एवं अदम्य साहस के बल पर यह सम्मान अर्जित किया है, जो न केवल हिमाचल प्रदेश बल्कि सम्पूर्ण भारतवर्ष के लिए गर्व की बात है।
आज रवाना होने से पूर्व हिमाचल प्रदेश सवाते एसोसिएशन की महासचिव संतोषी शर्मा ने दोनों खिलाड़ियों को भारतीय तिरंगा भेंट कर अपना आशीर्वाद दिया और आगामी प्रतियोगिता के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि, "यह उपलब्धि प्रदेश के सभी युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और हिमाचल में सवाते खेल के विकास को नई दिशा देगी। हिमाचल प्रदेश सवाते एसोसिएशन ने दोनों खिलाड़ियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं और सफल प्रदर्शन की कामना की है।