शिमला। हिमाचल प्रदेश में सूखी ठंड पड़ रही है। वहीं, प्रदेश शीतलहर और कोहरे की चपेट में है। पिछले 24 घंटे में मंडी, कांगड़ा, बिलासपुर और हमीरपुर में शीत लहर चली है। बिलासपुर में घना, पांवटा साहिब में मध्यम और ऊना में हल्का कोहरा देखने को मिला है। वहीं, ऊंची पहाड़ी क्षेत्रों में एक दो स्थानों पर हल्की बारिश/बर्फबारी दर्ज की गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की 7 जनवरी, 2026 की अपडेट के अनुसार इस हफ्ते मौसम सूखा रहने का अनुमान है। वहीं, कोहरा और शीत लहर का प्रकोप जारी रहेगा। बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, मंडी जिला में एक दो स्थानों पर कोहरे के साथ शीतलहर चलने का अनुमान है। वहीं, ऊना, सोलन और सिरमौर में घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है।
अगले 48 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा और उसके बाद आगे 3-4 दिनों में राज्य भर में इसमें धीरे-धीरे 2-4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। आगे 4-5 दिन के दौरान राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में भी धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है।