ऋषि महाजन/नूरपुर। हॉकी हिमाचल की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) रविवार को अध्यक्ष एवं नूरपुर के विधायक रणबीर सिंह निक्का की अध्यक्षता में धर्मशाला में संपन्न हुई। बैठक में महासचिव रोमेश पठानिया, वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अनिल खंतवाल सहित प्रदेश के सभी संबद्ध जिला हॉकी संघों के पदाधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में सर्वसम्मति से 31 मार्च 2026 को समाप्त वित्तीय वर्ष के ऑडिटेड खातों को मंजूरी दी गई। इसके साथ ही आगामी हॉकी हिमाचल राज्य चैंपियनशिप के आयोजन की जिम्मेदारी विभिन्न जिला संघों को सौंपी गई। निर्णय के अनुसार सब-जूनियर पुरुष एवं महिला राज्य चैंपियनशिप का आयोजन हॉकी कांगड़ा, जूनियर पुरुष एवं महिला राज्य चैंपियनशिप हॉकी सिरमौर, सीनियर पुरुष राज्य चैंपियनशिप हॉकी सोलन तथा सीनियर महिला राज्य चैंपियनशिप हॉकी चंबा आयोजित करेगा।
बैठक में महासचिव रोमेश पठानिया ने खिलाड़ियों को नियमित और प्रतिस्पर्धी मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हॉकी हिमाचल पुरुष एवं महिला लीग शुरू करने का प्रस्ताव रखा। सदस्यों ने इस प्रस्ताव पर विस्तृत चर्चा करते हुए इसके प्रभावी संचालन के लिए कई सुझाव दिए। साथ ही खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और तकनीकी अधिकारियों के पंजीकरण की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाने पर भी सहमति बनी, ताकि रिकॉर्ड प्रबंधन बेहतर हो सके।
बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष रणबीर सिंह निक्का ने कहा कि हॉकी हिमाचल प्रदेश में जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं को आगे लाने, गुणवत्तापूर्ण प्रतियोगिताओं के आयोजन और खिलाड़ियों व तकनीकी अधिकारियों को अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने सभी जिला हॉकी संघों और पदाधिकारियों के सहयोग की सराहना करते हुए भविष्य में भी खेल के विकास के लिए सामूहिक प्रयास जारी रखने का आह्वान किया।
बैठक का समापन सभी एजेंडा बिंदुओं के सर्वसम्मति से अनुमोदन के साथ हुआ। इस दौरान प्रदेश में हॉकी के विकास और संगठनात्मक मजबूती को लेकर सदस्यों ने अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।