हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश में सरकारी नौकरी की राह देख रहे युवाओं, विशेषकर मेडिकल क्षेत्र से जुड़े अभ्यर्थियों के लिए एक बड़ा और महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है।
हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (HPRCA) ने स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा विभाग से अतिरिक्त पदों की मांग (डिमांड) मिलने के बाद तीन प्रमुख श्रेणियों के पदों की संख्या में बड़ा इजाफा किया है। इसके साथ ही, आयोग ने नए पात्र उम्मीदवारों को मौका देने के लिए अपने ऑनलाइन आवेदन पोर्टल को दोबारा खोलने का निर्णय लिया है।
राज्य चयन आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने जानकारी देते हुए बताया कि पात्र नए उम्मीदवारों को ऑनलाइन आवेदन का अवसर प्रदान करने के लिए आयोग का ऑफिशियल पोर्टल 11 जुलाई सुबह 10:00 बजे से खोल दिया जाएगा। उम्मीदवार 25 जुलाई 2026 रात 11:59 बजे तक इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
पुराने आवेदकों के लिए जरूरी सूचना: जिन उम्मीदवारों ने इन पदों के लिए पहले ही ऑनलाइन आवेदन कर दिया है, उन्हें दोबारा आवेदन करने की कोई आवश्यकता नहीं है। उनका पुराना आवेदन ही मान्य रहेगा।
विभाग से मिली नई डिमांड के बाद पदों का गणित अब बदल गया है। आयोग द्वारा जारी विवरण के अनुसार पदों में बढ़ोतरी इस प्रकार है:
पद का नाम पोस्ट कोड पहले आमंत्रित पद नए जोड़े गए पद अब कुल पद
मेडिकल लैब टैक्निशियन ग्रेड-2 26012 10 +15 25
ऑपरेशन थिएटर असिस्टेंट (OTA) 26008 176 +60 236
रेडियोग्राफर 26009 28 +30 58
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने तीनों श्रेणियों के लिए योग्यता रखने वाले सभी पात्र युवाओं से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना 25 जुलाई तक अपना आवेदन सुनिश्चित करें, ताकि आखिरी समय में वेबसाइट पर होने वाली किसी भी तकनीकी दिक्कत या रश से बचा जा सके।
इच्छुक उम्मीदवार शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य नियमों की विस्तृत जानकारी के लिए हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर विजिट कर सकते हैं।