शिमला। हिमाचल कैबिनेट बैठक में नौकरियों का पिटारा खुला है। यहां मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में आयोजित कैबिनेट की बैठक में आयुर्वेदिक विभाग में असिस्टेंट स्टाफ नर्स के 800 पद भरने को मंजूरी दी है।
वहीं, पंचायतों में 400 पद मल्टी टास्क वर्कर के भरे जाएंगे। हिमाचल के सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में चौकीदार, मल्टी टास्क वर्कर आदि के 3950 पद भरने को भी स्वीकृति प्रदान की है।
शिक्षा विभाग में जेओए लाइब्रेरी के 200 पद, पंचायतों में जिला परिषद के तहत टेक्नीशियन असिस्टेंट के 280 पद और पुलिस जिला नूरपुर में विभिन्न श्रेणियों के 102 पद भरने को भी मंजूरी दी है।
स्पोर्ट्स सेंटर में 40, समाल सेविंग विभाग में 10 और पंचायती राज विभाग में आडिटर के 6 पद भरे जाएंगे। पंचायती राज विभाग में जूनियर आफिस असिस्टेंट आईटी के 9 और मल्टी टास्क वर्कर के 20 पद भरने को मंजूरी दी है।
इसके अलावा 12 साल का कार्यकाल पूरा करने वाले पार्ट टाइम चौकीदार को डेली वेज पर लाने को भी मंजूरी मिली है। नंबरदार को 4500 रुपए मानदेय की जगह 5000 रुपए मानदेय देने को भी हरी झंडी मिल गई है।
कैबिनेट की बैठक में मछुआरों को भी राहत प्रदान की है। नोकाएं खरीद पर 70 फीसदी और जाल आदि खरीद पर 90 फीसदी सब्सिडी देने को मंजूरी मिली है। साथ ही सम्मान निधि योजना का भी आगाज किया गया है। इस योजना के तहत मछुआरों को बंद सीजन में 3500 रुपए भत्ता दिया जाएगा।