शिमला। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की अपडेट के अनुसार 16 और 17 अप्रैल, 2025 को ऊंचे और पहाड़ी क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है। 18 और 19 अप्रैल को की स्थानों पर हल्की से मध्यम व एक दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। 20 अप्रैल को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है।
अपडेट के अनुसार 16 और 17 अप्रैल को गरज के साथ बिजली गिरने को लेकर येलो अलर्ट है। 18 अप्रैल को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में कुछ स्थानों पर भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी है। वहीं, बिजली के तूफान, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है। 18 अप्रैल को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन व सिरमौर में गरज के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। किन्नौर में तेज हवाएं चलने को लेकर येलो अलर्ट है। हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर रह सकती हैं। लाहौल स्पीति में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी है।
हिमाचल प्रदेश में पिछले 24 घंटे में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की है। न्यूनतम तापमान में 2 से 5 और अधिकतम तापमान में 2 से 9 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। रविवार को पांवटा साहिब का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 35 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। सोमवार को कुकुमसेरी का सबसे कम न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री दर्ज किया गया है।