उदयपुर। हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिला में उदयपुर-किलाड़ मार्ग पर दरेड़ नाला के पास बुधवार देर रात भारी हिमस्खलन हुआ।
हिमस्खलन के चलते पांगी घाटी का सड़क संपर्क पूरी तरह से बाधित हो गया है। हिमस्खलन के चलते मार्ग के दोनों तरफ हिमाचल प्रदेश सड़क परिवहन निगम (HRTC) की दो बसों समेत लगभग एक दर्जन से अधिक वाहन फंस गए हैं। यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
हिमस्खलन की सूचना मिलते ही सीमा सड़क संगठन (BRO) की मशीनरी तुरंत सड़क को बहाल करने के लिए घटनास्थल की ओर रवाना हो गई है। BRO के कर्मचारी जल्द से जल्द मार्ग को यातायात के लिए सुचारू करने के प्रयास में जुटे गए।
इस बीच, मौसम विभाग ने राज्य में गुरुवार से अगले एक सप्ताह तक बारिश होने का पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान राज्य की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी होने की संभावना है। इसके अतिरिक्त, कई क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने का भी येलो अलर्ट जारी किया गया है।