बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर में चाची-भतीजे के रिश्ते को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है।
49 वर्षीय महिला ने अपने भतीजे पर छेड़छाड़ और धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उसका भतीजा अचानक उसके कमरे में घुस आया और उसने गलत तरीके से उसे छूने की कोशिश की। पीड़िता के अनुसार जब उसने भतीजे को ऐसा करने से रोका तो वह भड़क गया।
उसने न केवल महिला के साथ अभद्र व्यवहार किया, बल्कि उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। इस घटना के बाद महिला ने तत्काल सदर थाना पुलिस से संपर्क किया और अपनी आपबीती सुनाई।
एएसपी बिलासपुर शिव चौधरी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।