मंडी। जिला मंडी के पटड़ीघाट-कलखर मार्ग पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां पर एक निजी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में चालक की मौत हो गई, जबकि 20 घायल हैं। घायलों को रिवालसर अस्पताल से नेरचौक अस्पताल रेफर किया गया है।
मृतक की पहचान राजगीर सिंह पुत्र ब्रह्म लाल गांव हटवाड़ के रूप में हुई है। मृतक बस का चालक बताया जा रहा है और ड्राइविंग लाइसेंस से उसकी पहचान हुई है। एक महिला यात्री बस के नीचे दब गई जिसकी हालत भी गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार निजी बस मंगलवार सुबह कुटेहड़ा से मंडी जा रही थी और पटड़ीघाट से 7:30 बजे निकली थी। एक किलोमीटर आगे बस करीब 500 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय बस में लगभग 25 यात्री सवार थे। इनमें से लगभग 20 यात्री घायल हैं।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी में ड्राइवर की लापरवाही या सड़क की खराब स्थिति को हादसे का कारण माना जा रहा है। मंडी के पुलिस अधीक्षक ने कहा कि हादसे की विस्तृत जांच की जा रही है।
उधर, बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी भी घायलों का हालचाल जानने मेडिकल कॉलेज नेरचौक पहुंचे और उन्होंने अस्पताल प्रशासन को हर संभव उपचार और सुविधा उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।