बद्दी परफ्यूम फैक्ट्री मामला : मृतकों की संख्या हुई पांच, प्लांट हेड गिरफ्तार
ewn24news choice of himachal 03 Feb,2024 11:12 pm
लापता चार लोगों के शव बरामद
शिमला। हिमाचल के बद्दी में झाड़माजरी स्थित परफ्यूम फैक्ट्री में आग लगने के मामले में मृतकों की संख्या पांच हो गई है। एक महिला पिंकी की पहले की मौत हो गई थी।
इसके बाद लापता चार लोगों के शव निकाले गए हैं। मामले की जांच को एसआईटी (SIT) गठित कर दी है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देशों के बाद डीजीपी संजय कुंडू ने एसआईटी का गठन किया।
एसआईटी घटनास्थल का दौरा कर साक्ष्य जुटा रही है और घटना की व्यापक जांच की जा रही है। यह जानकारी मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान ने दी।
उन्होंने बताया कि सोलन के अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में जांच कमेटी गठित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि इस घटना की निष्पक्ष जांच की जा सके।
प्रधान मीडिया सलाहकार ने कहा कि एनआर अरोमा में भीषण आग लगने की घटना में कुल पांच लोगों की जान गई है। मामले में कंपनी के प्लांट हेड को गिरफ्तार कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि आग लगने की घटना के समय इस फैक्ट्री में कुल 85 लोग थे, जिनमें से 30 लोग घायल हुए हैं और उन्हें विभिन्न अस्पतालों में भर्ती करवा दिया गया है। लापता 13 लोगों में से 4 लोग मिल पाए हैं, जबकि 9 को ढूंढने के प्रयास जारी हैं।