हिमाचल में महंगा हुआ डीजल : सरकार ने बढ़ाया VAT, तीन रुपए बढ़े दाम
ewn24news choice of himachal 15 Jul,2023 4:10 am
मुख्यमंत्री सुक्खू ने सत्ता में आते ही दूसरी बार बढ़ाए दाम
शिमला। हिमाचल प्रदेश अभी भारी बारिश से हुई तबाही से ठीक तरह से उबरा नहीं उसी बीच आम आदमी को बड़ा झटका लगा है। हिमाचल में डीजल की कीमत में तीन रुपए की बढ़ोतरी हुई है।
जी हां, अब डीजल तीन रुपए महंगा हो गया है। प्रदेश सरकार ने डीजल पर VAT बढ़ाया है जिसके बाद इसकी कीमत बढ़ गई है। डीजल के दामों में बढ़ोतरी आम जनता की जेब पर भी बोझ डालने वाली है।
हिमाचल प्रदेश के राज्य एवं आबकारी के प्रधान सचिव भरत खेड़ा की ओर से जारी आदेशों के मुताबिक, अब डीजल पर प्रति लीटर 7 रुपए 40 पैसे की जगह 10 रुपए 40 पैसे वैट लगेगा। सरकार ने नए आदेशों में 13.9 फीसदी या 10 रुपए 40 पैसे प्रति लीटर वैट वसूलने के आदेश जारी किए हैं।
इससे पहले मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सत्ता में आते ही 7 जनवरी, 2023 को डीजल पर तीन रुपए वैट बढ़ाया था। सरकार की ओर से इस बढ़ोतरी के बाद हिमाचल प्रदेश में डीजल के दाम अब करीब 90 लीटर तक पहुंच जाएंगे। इससे बड़े माल वाहनों की ढुलाई का खर्चा बढ़ेगा और इसका सीधा असर आम जनता की जेब पर होगा।