शिमला। हिमाचल प्रदेश के ऊंचे पहाड़ों पर एक-दो जगह पर हल्की बारिश/बर्फबारी होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की अपडेट के अनुसार 5 और 6 जनवरी 2026 को ऊंचे पहाड़ों पर मौसम खराब हो सकता है। हफ्ते के बाकी दिन मौसम सूखा रहने का अनुमान है।
वहीं, 5, 6, 7 और 8 जनवरी को कुछ जिलों में घने कोहरे की संभावना को लेकर येलो अलर्ट जारी है। अपडेट के अनुसार ऊना जिला में 5 और 6 जनवरी को अलग-अलग इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। बिलासपुर जिला में 5,6, 7 और 8 जनवरी को भाखड़ा जलाशय और आसपास के क्षेत्रों में घना कोहरा छाने का अनुमान है।
हमीरपुर जिला में भी 5,6, 7 और 8 जनवरी को अलग-अलग क्षेत्रों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। कांगड़ा जिला के फतेहपुर, जसवां, इंदौरा और आसपास क क्षेत्रों में 5 और 6 जनवरी को घना कोहरा छाए रहने को लेकर येलो अलर्ट है। मंडी जिला की बल्ह घाटी के अलग अलग इलाकों में 5, 6, 7 और 8 जनवरी को घना कोहरा छाने की संभावना है।
सोलन जिला के बद्दी और नालागढ़ आदि में 5,6 और 7 जनवरी को कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। सिरमौर के पांवटा साहिब, कालाअंब में 5 और 6 जनवरी को अलग-अलग स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है। इसके बाद, अगले 2-3 दिन में राज्य भर में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है।
राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2-4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है, सिवाय ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों और उनसे सटे पहाड़ी क्षेत्रों के, जहां अगले 4-5 दिनों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।