कांगड़ा। जिला कांगड़ा पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बनोई पुल के साथ कच्ची सड़क पर 5.77 ग्राम चिट्टे के साथ दो युवकों को धर दबोचा।
जिला कांगड़ा पुलिस की विशेष टीम द्वारा गश्त के दौरान 13 दिसंबर 2025 को गुप्त सूचना के आधार पर अक्षय कुमार (उम्र 25 साल) पुत्र प्रीतम चन्द निवासी गाँव कोहाला डाकघर मटौर तहसील व जिला कांगड़ा और कुलदीप कुमार (उम्र 20 साल) पुत्र मदन लाल निवासी गाँव बरमीण डाकघर मलाव तहसील उधमपुर जिला रामनगर जम्मू कश्मीर के कब्जे से 5.77 ग्राम चिट्टा बरामद करने में सफलता प्राप्त की है।
दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया तथा इनके विरुद्ध पुलिस थाना गगल में मादक पदार्थ अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है। आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई नियमानुसार प्रगति पर है।
जानकारी के अनुसार, जिला कांगड़ा पुलिस द्वारा नशे के कारोबारियों पर नकेल कसने के लिए लगातार गश्त व नाकाबंद की जा रही है । शनिवार को जिला कांगड़ा पुलिस की विशेष टीम गश्त पर थी तो गुप्त सूचना के आधार पर नियमानुसार त्वरित कार्यवाही करते हुए उपरोक्त आरोपीगण को बनोई पुल के साथ कच्ची सड़क पर 5.77 ग्राम चिट्टे के साथ धर दबोचा।
जिला कांगड़ा पुलिस का नशे के विरुद्ध यह अभियान भविष्य में निरंतर जारी रहेगा। नशे और अन्य अवैध कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। आमजन से अपील है कि नशे के सौदागरों की सूचना तुरंत पुलिस को दें-आपकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी ।