राकेश चंदेल/बिलासपुर। चेतना संस्था द्वारा श्री नैना देवी क्षेत्र में सोमवार को एक विशेष समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीण महिला प्रशिक्षण केंद्रों से प्रशिक्षित महिलाओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि चेतना संस्था की चेयरपर्सन मल्लिका नड्डा रहीं। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भरता की दिशा में उठाए गए इस कदम के लिए बधाई दी और संस्था की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर विधायक रणधीर शर्मा ने बतौर विशिष्ट अतिथि भाग लिया। उन्होंने चेतना संस्था द्वारा दिव्यांगों और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की और संस्था को भविष्य में पूर्ण समर्थन देने की बात कही।
कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी उपस्थित रहे, जिनमें प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य आशुतोष, भाजपा लोअर मंडल अध्यक्ष बलबीर सिंह, रिटायर सेंटर हेड टीचर जोगिंदर पाल शर्मा, सचिव सुषमा शर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष कृष्ण लाल चंदेल, मान सिंह धीमान, महिला मोर्चा अध्यक्ष भाजपा लोअर मंडल कविता शर्मा, जोकि चेतना संस्था श्री नैना देवी की संयोजक भी हैं, एवं चेतना संस्था जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम शर्मा शामिल रहे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं, पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। चेतना संस्था द्वारा संचालित यह प्रयास क्षेत्र की महिलाओं को स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की ओर प्रेरित कर रहा है।