मंडी। जिला मंडी के उपमंडल कोटली की ग्राम पंचायत धनियारा के सरवाल गांव में एक दुखद हादसा हुआ है। यहां पर एक युवती की जहरीला पदार्थ निगलने से मौत हो गई। युवती की पहचान सुमन (20) पुत्री दिलीप सिंह के रूप में हुई है।
सुमन के पिता दिलीप सिंह भारतीय तिब्बत सीमा बल में कार्यरत हैं। बताया जा रहा है कि 14 दिन पहले सुमन की सगाई हुई थी। इससे पूरे परिवार में खुशी का माहौल था।
युवती के पिता दिलीप सिंह भी बेटी की सगाई के चलते इन दिनों घर आए हुए थे। पूरा परिवार इस सगाई से काफी खुश भी था। एक दिन पहले परिवार के सदस्यों ने मिलकर खेतों में धान की रोपाई का काम किया था।
रविवार को अचानक सुमन की तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे तुरंत जोनल अस्पताल ले गए यहां उपचार के दौरान मौत हो गई। सूचना पर सदर थाना प्रभारी देश राज मौके पहुंचे। उन्होंने शव को कब्जे में ले लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।