ऋषि महाजन/नूरपुर। हिमाचल प्रदेश की नूरपुर पुलिस की सतर्कता से अवैध लकड़ी परिवहन का खुलासा हुआ है। पुलिस ने तीन मामले दर्ज कर सात वाहन कब्जे में लिए हैं। पुलिस जिला नूरपुर की सीआईए टीम ने फतेहपुर पुलिस स्टेशन के तहत 19 जून 2026 को प्रातः रियाली पुल के समीप नियमित नाकाबंदी एवं गश्त के दौरान लकड़ी से लदे कई संदिग्ध वाहनों को जांच के लिए रोका। सूचना प्राप्त होने पर पुलिस थाना फतेहपुर तथा पुलिस पोस्ट रे के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर संयुक्त रूप से वाहनों की जांच की।
जांच के दौरान कुल छह पिकअप वाहन और एक कैंटर विभिन्न प्रजातियों की लकड़ी एवं ईंधन लकड़ी से लदे पाए गए। वाहन चालकों से लकड़ी के परिवहन संबंधी वैध परमिट, लाइसेंस एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, किन्तु वे कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
इस संबंध में पुलिस थाना फतेहपुर में धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता तथा धारा 41 एवं 42 भारतीय वन अधिनियम के अंतर्गत एफआईआर संख्या 66/2026, 67/2026 एवं 68/2026 दर्ज की गई हैं। प्रारंभिक जांच में लकड़ी के अवैध परिवहन की आशंका पाए जाने पर संबंधित सातों वाहनों तथा लकड़ी को कब्जे में लेकर आगामी जांच एवं कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
मामलों की जांच के दौरान लकड़ी के स्रोत, स्वामित्व तथा परिवहन की वैधता के संबंध में वन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक तथ्यों का सत्यापन किया जाएगा। पुलिस जिला नूरपुर अवैध वन कटान, वन संपदा की तस्करी तथा अन्य गैर-कानूनी गतिविधियों के विरुद्ध निरंतर प्रभावी कार्रवाई कर रहा है तथा भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी। आम जनता से भी अपील है कि ऐसी किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।