धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री मणिमहेश यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए मणिमहेश न्यास द्वारा ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है।
इस वर्ष श्री मणिमहेश यात्रा 4 से 19 सितम्बर तक आयोजित की जाएगी। यात्रा पर जाने से पूर्व श्रद्धालु मणिमहेश न्यास के आधिकारिक पोर्टल https://www.manimaheshyatra.hp.gov.in/register पर जाकर अपना पंजीकरण करवा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि पंजीकरण केवल 25 से 27 अगस्त 2026 तक ही किए जा सकते हैं।
मामले की जानकारी देते हुए उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने बताया कि श्री मणिमहेश यात्रा में प्रतिवर्ष देशभर से लाखों श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन और पवित्र मणिमहेश झील में आस्था की डुबकी लगाने पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा यात्रा के दौरान बेहतर सुविधाओं के प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष मणिमहेश न्यास द्वारा प्रतिदिन केवल 5,000 श्रद्धालुओं की सीमा निर्धारित की गई है।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि यात्रा व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रत्येक श्रद्धालु का यात्रा पर जाने से पहले ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाना अनिवार्य है। बिना पंजीकरण के किसी भी श्रद्धालु को आगे जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि वे निर्धारित संख्या को ध्यान में रखते हुए समय रहते अपना पंजीकरण सुनिश्चित करें ताकि प्रशासन को व्यवस्थाओं के संचालन में सहूलियत रहे।
उपायुक्त हेमराज बैरवा ने श्रद्धालुओं से यात्रा की पवित्रता और धार्मिक आस्था का सम्मान बनाए रखने का भी विशेष आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग तथा संवेदनशील पर्वतीय क्षेत्रों में किसी भी प्रकार का कचरा या गंदगी न फैलाएं और पर्यावरण संरक्षण में प्रशासन का सहयोग करें।