शिमला। हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (HPPSC) ने उच्च शिक्षा विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर (कॉलेज कैडर) पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि को एक बार फिर बढ़ा दिया है।
अभ्यर्थियों के अनुरोध को ध्यान में रखते हुए आयोग ने आवेदन करने की तारीख बढ़ाकर 25 अगस्त 2026 (रात 11:59 बजे तक) कर दी है।
इससे पहले, आयोग द्वारा 4 जुलाई 2026 को जारी नोटिस के अनुसार आवेदन की अंतिम तिथि 15 अगस्त 2026 तय की गई थी। हालांकि, विभिन्न अभ्यर्थियों से मिले आवेदनों और अनुरोधों के बाद आयोग ने सभी विज्ञापनों (विज्ञापन संख्या 33/6-2026 से 55/6-2026) के तहत आने वाले पदों के लिए इस तिथि को बढ़ाने का निर्णय लिया है।
इच्छुक और पात्र उम्मीदवार हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://hppsc.hp.gov.in/ पर जाकर ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि किसी अन्य माध्यम से भेजे गए आवेदन पत्रों को स्वीकार नहीं किया जाएगा और उन्हें सीधे निरस्त कर दिया जाएगा। भर्ती की अन्य सभी नियम और शर्तें पहले की तरह यथावत रहेंगी।
आवेदन प्रक्रिया या किसी अन्य जानकारी के लिए अभ्यर्थी किसी भी कार्य दिवस में सुबह 10:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक आयोग के कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए निम्नलिखित फोन नंबर जारी किए गए हैं:
टेलीफोन नंबर: 0177-2624313 / 2629739
टोल फ्री नंबर: 1800-180-8004