ऋषि महाजन/नूरपुर। पुलिस जिला नूरपुर द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस थाना रैहन की टीम ने नशा माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की बड़ी खेप बरामद की है।
पुलिस थाना रैहन के अंतर्गत मुकाम भराल में नाकाबंदी के दौरान एक वाहन (HP88-3309) की तलाशी ली गई, जिसमें सवार दो व्यक्तियों से 08 पेटियां देसी शराब (कुल 96 बोतलें) तथा 01 पेटी अंग्रेजी शराब (कुल 12 बोतलें) बरामद की गईं।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सुरिंद्र सिंह पुत्र केवल सिंह निवासी तड़िया हटलियां, डाकघर ढागला, तहसील नूरपुर, जिला कांगड़ा तथा पवन कुमार पुत्र केवल सिंह निवासी ढक, डाकघर दाहव, तहसील फतेहपुर, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध धारा 39(1)A हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। यह अभियोग पुलिस थाना रैहन में पंजीकृत किया गया है।
जिला पुलिस अधीक्षक कलभूषण वर्मा के अनुसार मामले में नियमानुसार आगामी जांच एवं कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। नूरपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।