ऋषि महाजन/नूरपुर। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सार्थक और प्रेरणादायक कदम उठाते हुए संत निरंकारी मिशन द्वारा संचालित राष्ट्रव्यापी सेवा अभियान प्रोजेक्ट अमृत – स्वच्छ जल, स्वच्छ मन के चरण–4 के अंतर्गत नूरपुर शाखा ने उत्साह और समर्पण के साथ भागीदारी निभाई। यह अभियान पूज्य माता सुदीक्षा जी महाराज के पावन आदेशानुसार आयोजित किया गया।
इसी क्रम में संत निरंकारी भवन, नूरपुर ब्रांच द्वारा ढक्की स्थित प्राकृतिक जल स्रोत तथा उसके आसपास के क्षेत्र में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस सेवा कार्य में संगत के सदस्यों और सेवा दल के स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी ने पूर्ण अनुशासन, समर्पण और सेवा भावना के साथ जल स्रोत की सफाई कर उसे स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
अभियान का उद्देश्य केवल जल स्रोतों की सफाई तक सीमित नहीं था, बल्कि समाज में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामूहिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता फैलाना भी था। स्वयंसेवकों ने आसपास के लोगों को स्वच्छ जल के महत्व और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की आवश्यकता के बारे में प्रेरित किया। “स्वच्छ जल, स्वच्छ मन” का संदेश पूरे क्षेत्र में सशक्त रूप से प्रसारित हुआ।
सेवा दल के सदस्यों ने प्लास्टिक कचरे एवं अन्य अपशिष्ट को हटाकर जल स्रोत को प्रदूषण मुक्त किया और स्थानीय लोगों से अपील की कि वे प्राकृतिक धरोहरों की रक्षा में सक्रिय भागीदारी निभाएं। इस सामूहिक प्रयास ने क्षेत्रवासियों के मन में सकारात्मक ऊर्जा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को और अधिक सशक्त किया।