राजगढ़। सिरमौर जिला के राजगढ़ क्षेत्र के एक स्कूल के एक शिक्षक पर 24 छात्राओं ने अशोभनीय व्यवहार और छेड़छाड़ के गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्राओं के अभिभावक और स्थानीय लोग शनिवार को विद्यालय परिसर में एकत्रित हुए और उग्र प्रदर्शन किया।
लोगों ने प्रधानाचार्य के विरुद्ध नारेबाजी की और बेटियों को न्याय दिलाने की मांग की। गंभीर स्थिति देखते हुए एसडीएम राजगढ़ राजकुमार ठाकुर व थाना प्रभारी स्कूल पहुंचे। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने प्रधानाचार्य पर मामले में उचित कार्रवाई न करने का आरोप लगाया।
लोगों के आक्रोश को देखते हुए आरोपी अध्यापक विद्यालय से फरार हो गया। एसडीएम के हस्तक्षेप व प्राथमिकी दर्ज किए जाने के आश्वासन पर लोग शांत हुए। इसके बाद पुलिस ने शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को यह मामला विद्यालय प्रशासन के संज्ञान में शिक्षा संवाद के दौरान आया। इसके पश्चात यौन उत्पीड़न समिति की बैठक में छात्राओं को पक्ष रखने को कहा।
उन्होंने बताया कि कैसे मैथ के टीचर ने उनके साथ गंदा व्यवहार करता है। उधर, डीएसपी राजगढ़ का कार्यभार देख रहे मुकेश डढवाल ने बताया कि बीएनएस की धारा 75 व पोक्सो की 10 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने अध्यापक को गिरफ्तार कर लिया है।