कांगड़ा। एचआरटीसी ने कांगड़ा एयरपोर्ट (गगल) अथॉरिटी के साथ मिलकर गगल स्थित हवाई अड्डा और मैक्लोडगंज के बीच पर्यटकों को लाने और ले जाने के लिए टेंपो ट्रैवलर सेवा शुरू की है।
गगल एयरपोर्ट और मैकलोडगंज के बीच पर्यटकों के लिए पहली बार इस सुविधा का शुभारंभ किया गया है। इस टेंपो ट्रैवलर का उपयोग गगल एयरपोर्ट पर आने वाली प्रत्येक फ्लाइट के समय के अनुसार किया गया है, ताकि हर फ्लाइट के साथ उतरने वाले पर्यटकों को धर्मशाला और मैक्लोडगंज तक ले जाया जाए और वहां से गगल एयरपोर्ट आने वाले पर्यटकों को भी गगल एयरपोर्ट तक पहुंचा जा सके।
इस टेंपो ट्रैवलर में धर्मशाला तक के सफर के लिए 60 रुपये किराया और मैकलोडगंज के लिए 100 रुपये किराया निर्धारित किया गया है। इस टेंपो ट्रैवलर को चलाने की मांग बहुत पहले से की जा रही थी जिसे अब पूरा किया गया है। इसका लाभ कांगड़ा पहुंचने वाले हजारों पर्यटकों को होगा। पर्यटक ऑफलाइन के साथ-साथ ऑनलाइन माध्यम से भी अपनी बुकिंग कर सकते हैं।
टेंपो ट्रैवलर सेवा को फ्लैग ऑफ हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने किया। इस मौके पर उनके साथ डायरेक्टर एयरपोर्ट अथॉरिटी अमित सकलानी, डीएम एचआरटीसी पंकज चड्ढा, आरएम साहिल कपूर, सचिव नवनीत शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।