नाहन। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला के एक जवान का निधन हो गया है। भारतीय सेना की 28वीं राष्ट्रीय राइफल्स बटालियन के लांस नायक धर्मेंद्र (30) का निधन दिल्ली कैंट स्थित आर्मी अस्पताल में हुआ। वह नाहन विकास खंड की पालियो पंचायत के गुमटी गांव के निवासी थे। दिवंगत धर्मेंद्र 6 महीने पहले एक बेटे के पिता बने थे। मासूम के सिर से पिता का साया उठ गया।
दिवंगत लांस नायक धर्मेंद्र पिछले करीब साढ़े 10 साल से भारतीय सेना में सेवाएं दे रहे थे। धर्मेंद्र को 3 फरवरी से 2 मार्च तक 28 दिन का पर्सनल आकस्मिक अवकाश मिला था। इसके बाद 3 मार्च से 17 मार्च तक वह 15 दिन के पितृत्व अवकाश पर थे। उनका मूल यूनिट 41 फील्ड रेजिमेंट था, लेकिन अगस्त 2024 से वह 28वीं बटालियन में सेवा प्रदान कर रहे थे।
11 मार्च को उन्हें पीलिया की शिकायत हुई। इसके बाद उन्हें दिल्ली के कमांड अस्पताल ले जाया गया, जहां वह हैपेटाइटिस-ए से ग्रस्त पाए गए। लिवर गंभीर रूप से प्रभावित होने से उनकी हालत काफी बिगड़ गई और 13 मार्च की सुबह उन्हें एयरलिफ्ट कर दिल्ली कैंट के आर्मी हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया, जहां उन्हें आईसीयू में रखा गया और डायलिसिस दिया गया।
अस्पताल में इलाज के दौरान रात साढ़े 10 बजे उन्हें दिल का दौरा पड़ा और डॉक्टरों ने करीब सवा 11 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया। अंतिम मैडीकल रिपोर्ट में उनकी मृत्यु का कारण मल्टीपल ऑर्गन डिसफंक्शन सिंड्रोम और गंभीर लैप्टोस्पायरोसिस बताया गया।
धर्मेंद्र के पिता धनी राम हाल ही में पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त हुए थे। दिवंगत धर्मेंद्र की मौजूदा पोस्टिंग जम्मू में थी, जहां से वह छुट्टी पर घर आए हुए थे। जवान के असामयिक निधन से पूरे गांव में शोक की लहर है।
शनिवार दोपहर बाद शव नारायणगढ़ लाया गया, जहां उनका परिवार स्थायी रूप से रह रहा था। नारायणगढ़ में सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।