हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के एक और जवान ने शहादत का जाम पीया है। हमीरपुर जिला के नादौन विधानसभा क्षेत्र के गांव कोहलवीं निवासी 9 पंजाब के जेसीओ कुलदीप चंद जम्मू के अखनूर सेक्टर में सुंदरबनी केरी बटल क्षेत्र में नियंत्रण रेखा पर घुसपैठ विरोधी अभियान में शहीद हुए हैं।
जानकारी के अनुसार जम्मू के अखनूर सेक्टर के केरी बटल क्षेत्र में एक नाले के पास भारी हथियारों से लैस आतंकवादियों के एक ग्रुप को देखा। जवानों ने उन्हें चुनौती दी। इसके बाद मुठभेड़ जारी हुई, जोकि काफी देर तक चली। जेसीओ कुलदीप चंद और उनकी टीम ने आतंकियों को बॉर्डर पार नहीं करने दिया। इसमें कुलदीप चंद घायल हो गए और बाद में उनकी मृत्यु हो गई।कुलदीप चंद दो महीने पहले ही छुट्टी काटकर गए थे। उनके घर में बुजुर्ग माता-पिता, पत्नी और बेटा हैं।
उनकी शहादत की खबर जब पैतृक गांव कोहलवीं पहुंची तो मातम छा गया। कुलदीप चंद के पिता रत्न चंद भी सेना से हवलदार पद से सेवानिवृत्त हैं। 80 वर्षीय बुजुर्ग पिता को नम आंखों से बेटे की शहादत पर नाज है।
उधर, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जवान कुलदीप चंद की शहादत पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि ये खबर अत्यंत दुःखद है। देश की सेवा में उनके अविस्मरणीय योगदान को सदैव सम्मान के साथ याद किया जाएगा।
प्रार्थना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक-संतप्त परिवार को इस दुःख की घड़ी में धैर्य एवं संबल प्रदान करें।