शिमला। हिमाचल प्रदेश में लंबे समय से चला आ रहा सूखा समाप्त हुआ है। 22 जनवरी की रात से ही बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 23 जनवरी, 2026 को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, सिरमौर और लाहौल स्पीति में भारी बारिश/बर्फबारी को लेकर अलर्ट जारी किया है।
24, 25 और 26 जनवरी को अधिकतर स्थानों पर मौसम साफ रहने के साथ कुछ जगहों पर छिटपुट बारिश और बर्फबारी का अनुमान है। इसके बाद 27 जनवरी को फिर पूरे हिमाचल में मौसम बिगड़ सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की 23 जनवरी, 2026 की अपडेट के अनुसार 27 जनवरी को चंबा, कुल्लू और लाहौल स्पीति में कहीं-कहीं पर बिजली चमकने के साथ गर्जना सहित 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने और भारी बारिश/बर्फबारी को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन, सिरमौर और किन्नौर में कहीं कहीं पर बिजली चमकने के साथ गर्जना और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है। 28 जनवरी को भी मौसम बिगड़ा रह सकता है। वहीं, अभी तक 29 जनवरी को मौसम साफ रहने का अनुमान है।
पिछले 24 घंटे में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश/बर्फबारी हुई है। सुंदरनगर, शिमला, जुब्बड़हट्टी, कांगड़ा और मुरारी दवी में गर्जना और नारकंडा, कुफरी, सियोबाग, मशोबरा और नेरी में तेज हवाएं चली हैं।