मनाली। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिला के पर्यटन स्थल मनाली में रविवार से भारी बर्फबारी का दौरा जारी है। धुंधी और अटल टनल के आसपास अचानक हुई इस भारी बर्फबारी के कारण रविवार को लगभग एक हजार से अधिक वाहन साउथ पोर्टल के पास बर्फ में फंस गए थे।
सड़क पर बर्फ शीशे की तरह जम जाने के कारण वाहन फिसल रहे थे और कई वाहनों का नियंत्रण भी बिगड़ गया था। स्थिति को देखते हुए पुलिस द्वारा पूरी रात रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। पुलिस और बीआरओ (BRO) की टीमों ने संयुक्त रूप से कार्य करते हुए अधिकांश वाहनों तथा उनमें सवार लोगों को सुरक्षित रूप से मनाली की ओर निकाला।
इस दौरान प्रशासन द्वारा भी बर्फ में फंसे वाहनों में मौजूद पर्यटकों को राहत प्रदान की गई तथा उन्हें पानी, जूस और फल आदि उपलब्ध करवाए गए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान एसडीएम मनाली तथा बीआरओ के मेजर भी पुलिस टीम के साथ पूरी रात मौके पर उपस्थित रहे और स्थिति की लगातार निगरानी करते रहे।
बीआरओ की लेबर और मशीनरी की सहायता से सड़क पर जमी बर्फ को हटाने का कार्य भी लगातार जारी रखा गया। इसके लिए बेल्ट मशीनों तथा यूरिया खाद का उपयोग किया गया ताकि सड़क पर जमी बर्फ को पिघलाया जा सके और यातायात को सुचारू किया जा सके।
अधिकांश वाहनों को सुरक्षित रूप से मनाली की ओर भेज दिया गया है, जबकि कुछ वाहन जो बर्फ पर स्किड होकर फंस गए थे, उन्हें अभी बीआरओ की सहायता से मौके से निकाला जा रहा है।
डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि रेस्क्यू टीम द्वारा 70 प्रतिशत पर्यटक वाहन निकाले गए हैं और 30 प्रतिशत वाहनों के निकालने का कार्य जारी है।
डीसी कुल्लू अनुराग चन्द्र शर्मा ने बताया कि कल अचानक हुई भारी बर्फबारी के कारण अटल टनल के साउथ पोर्टल के समीप लगभग 1500 वाहन फंस गए थे। ज़िला प्रशासन, पुलिस, तथा बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन (बीआरओ) की टीमों द्वारा तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
इस दौरान रात लगभग 4 बजे तक करीब 1100 से 1200 वाहनों को सुरक्षित रूप से मनाली की ओर निकाल लिया गया। इसके अतिरिक्त साउथ पोर्टल पर फंसे लगभग 300 वाहनों को भी बाद में सुरक्षित रूप से मनाली की ओर रवाना किया गया है।
डीसी ने बताया कि आज सुबह से बचाव अभियान पुनः शुरू किया गया। साउथ पोर्टल पर कल फंसे रहे 300 वाहनों को आज सुरक्षित रूप से मनाली की ओर निकाल दिया गया है। वहीं सुबह सिस्सू की ओर से आए लगभग 300 वाहनों को भी धीरे-धीरे सुरक्षित रूप से मनाली की ओर भेजा जा रहा है।
उन्होंने बताया कि मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कुल्लू तथा डीएसपी मनाली अपनी टीमों सहित मौजूद हैं। इसके अलावा बीआरओ के मेजर एमएस परमार अपनी टीम के साथ मौके पर तैनात हैं और सभी फंसे वाहनों को सुरक्षित रूप से मनाली की ओर भेजने का कार्य किया जा रहा है।
साउथ पोर्टल की सुरक्षा के लिए तैनात 20 जवान भी पिछले 24 घंटों से लगातार राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग कर रहे हैं। डीसी ने आम लोगों और पर्यटकों से अपील करते हुए कहा कि मौसम खराब होने की स्थिति में बिना आवश्यक जानकारी के ऊंचाई वाले क्षेत्रों की यात्रा न करें।
यात्रा से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी अवश्य लें तथा प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा या जोखिम से बचा जा सके।