ऋषि महाजन/नूरपुर। हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन और बाढ़ प्रभावित परिवारों की मदद के लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 8 बड़े ट्रक राहत सामग्री भेजी है।
सोमवार को प्रदेश भाजपा प्रवक्ता व पूर्व वन मंत्री राकेश पठानिया ने इस राहत सामग्री को भाजपा संगठनात्मक जिला कार्यालय जसूर में प्राप्त किया।
इन ट्रकों में राशन, दालें, कम्बल, तिरपाल और अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुएं शामिल हैं। राहत सामग्री प्राप्ति के दौरान पत्रकार वार्ता में राकेश पठानिया ने हरियाणा सरकार और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार जताते हुए कहा कि आपदा की इस घड़ी में हरियाणा ने हिमाचल के साथ इंसानियत का फर्ज निभाया है।
यह राहत सामग्री पीड़ित परिवारों तक शीघ्र पहुंचाई जाएगी। इस अवसर पर संगठनात्मक जिला भाजपा अध्यक्ष राजेश काका भी उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता इसे प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचाने में पूरी जिम्मेदारी निभाएंगे।