मंडी। आपदा की मार झेल रहे जिला मंडी के सरकाघाट उपमंडल में बस हादसा हुआ है। हादसे में आठ लोगों की जान गई है। वहीं, करीब 29 यात्री घायल हैं। मृतकों में चार महिलाएं और चार पुरुष बताए जा रहे हैं। मंडी पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि की है।
बता दें कि HRTC बस सरकाघाट-दुर्गापुर रूट पर जा रही थी। मसेरन के पास तारंगला में चालक बस से नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क से लुढ़क खेतों में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। हादसे की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलने के बाद डीएसपी सरकाघाट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस से सरकाघाट अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हादसे पर शोक जताया है। उनहोंने कहा कि घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने और उपचार दिलाने के लिए ज़िला प्रशासन को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। दुःख की इस घड़ी में, मैं दिवंगत जनों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए, शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूँ। साथ ही, सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ।
पूर्व सीएम जयराम ठाकुर ने हादसे को लेकर ने भी कहा कि मंडी में हुआ बस हादसा बहुत ही दुखद है और मैं ईश्वर से सभी घायलों के लिए कुशलता की प्रार्थना करता हूं। प्रशासन से अनुरोध है कि घायलों के इलाज की समुचित व्यवस्था करें।