डलहौजी। चंबा जिला में पुलिस को नशे के खिलाफ छेड़े अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने एक टैक्सी से डेढ़ किलो चरस बरामद कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई सोमवार देर शाम राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-154 ए पर स्थित मैगी प्वाइंट, लाहड़ के समीप की गई। पुलिस थाना डलहौजी की टीम ने यहां नाकाबंदी कर रखी थी।
पुलिस ने चेकिंग के दौरान जब एक टैक्सी को रोककर उसकी तलाशी ली तो उसमें से 1 किलो 564 ग्राम चरस बरामद की गई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चरस को कब्जे में लिया और टैक्सी में सवार तीनों व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी चंबा जिला के ही चुराह क्षेत्र के रहने वाले हैं। इनकी पहचान अनुज कुमार (39) निवासी गांव धरवास, रफीक मोहम्मद (34) निवासी गांव कुलुंडा (डाकघर गनेड़) और जगदीश शर्मा (36) निवासी गांव सरेला (डाकघर थल्ली) के रूप में हुई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना डलहौजी में मादक पदार्थ अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने की है। उन्होंने कहा कि जिले में नशे के खिलाफ पुलिस का जीरो टॉलरेंस अभियान लगातार जारी रहेगा और मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।