बिलासपुर। किरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर एक सड़क हादसा पेश आया। हादसे में मोटरसाइकिल चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। यहां पर एक तेज रफ्तार बाइक सड़क पर खराब खड़े ट्रक से पीछे से जा टकराई। घायल युवक को उपचार के लिए एम्स बिलासपुर में भर्ती करवाया गया है।
जानकारी के अनुसार, ट्रक चालक चित्र बहादुर निवासी नेपाल, हाल निवासी चिड़गांव (शिमला) अपना ट्रक (HP 64B-4001) लेकर दाड़लाघाट से सीमेंट लोड कर आनंदपुर साहिब की ओर जा रहा था।
मंडी-कीरतपुर फोरलेन पर एक निजी होटल से करीब 300 मीटर पहले ट्रक में तकनीकी खराबी आ गई जिस कारण ट्रक सड़क पर ही रुक गया।
ट्रक चालक का दावा है कि उसने सुरक्षा के लिहाज से ट्रक के चारों इंडिकेटर चालू कर दिए थे और सेफ्टी रिफ्लेक्टर भी लगा दिया था। वह खुद भी पीछे खड़ा होकर आने वाले वाहनों को सुरक्षित लेन बदलने का इशारा कर रहा था।
शिकायत के मुताबिक रात करीब 11 बजे मंडी की ओर से एक बाइक (HP 21B-2269) तेज गति से आई। आरोप है कि बाइक चालक ने संकेतों की अनदेखी की और सीधे खड़े ट्रक में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक चालक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।