हरिपुर। कांगड़ा जिला के हरिपुर-देहरा सड़क मार्ग पर सपड़ू में जंगली जानवर को बचाते एक बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई। हादसे में पिता-पुत्र की जान गई है। दोनों बाइक सवार देहरा की तरफ जा रहे थे।
बता दें कि सपड़ू निवासी प्यार चंद दिहाड़ी मजदूरी का काम करते थे। शनिवार सुबह प्यार चंद को मलहेड़ में दिहाड़ी मजदूरी के लिए जाना था। उनका बेटा साहिल कुमार (22) भी देहरा जा रहा था। सुबह करीब 9 बजे दोनों ही बाइक पर घर से निकले। अभी घर से कुछ दूर ही पहुंचे थे कि बाइक हादसे का शिकार हो गई।
बताया जा रहा है कि बाइक के आगे अचानक किसी जंगली जानवर के आने से चालक बाइक पर नियंत्रण नहीं रखा और बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पुलिया से जा टकराई। हादसे में बाइक चालक साहिल घायल हो गया। वहीं, प्यार चंद ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घायल को सीएचसी हरिपुर ले जाया गया। हालत नाजुक होने के चलते उसे मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर कर दिया गया।
साहिल कुमार ने मेडिकल कॉलेज टांडा में अंतिम सांस ली। सूचना मिलने पर हरिपुर पुलिस स्टेशन की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
प्यार चंद के घर में अब उनकी पत्नी है। दो बेटियों की शादी हो चुकी है। साहिल उनका इकलौता बेटा था। अभी कुछ दिन पहले ही नई बाइक खरीदी थी।