कांगड़ा। हिमाचल के ऐतिहासिक कांगड़ा किले के पास स्थित महाराजा संसार चंद म्यूजियम में चोरी के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। 16 फरवरी को प्रसिद्ध कांगड़ा संग्रहालय में हुई चोरी के मामले में कांगड़ा पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
शख्स की पहचान राजेश के रूप में हुई है, जो म्यूजियम में मैनेजर के तौर पर काम करता था।मामला दर्ज करने के बाद शुरू में तीन लोगों को पूछताछ के लिए कांगड़ा पुलिस स्टेशन की टीम ने हिरासत में लिया था, लेकिन अंततः राजेश को गिरफ्तार कर लिया गया।डीएसपी अंकित शर्मा ने कहा कि एकत्र किए गए फुटेज से आरोपी राजेश को आसानी से सबूतों से छेड़छाड़ करते हुए और कुछ चीजों को इस तरह से रखते हुए देखा जा सकता है, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके।
कुछ फुटेज जानबूझकर हटा भी दिए गए हैं। आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड लिया जाएगा।इस मामले में अभी तक रिकवरी नहीं हुई है। जांच कर यह भी पता लगाया जाएगा कि और व्यक्ति भी मामले में शामिल हैं या नहीं। बता दें कि म्यूजियम में 16 फरवरी की रात को चोरी की घटना हुई थी। इसमें एंटीक ज्वेलरी, हथियार और चांदी की पादुका की चोरी हुई थी।