सराज। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला में एक और दुखद सड़क हादसा हुआ है। हादसे में तीन लोगों की जान गई है, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा रविवार रात हुआ लेकिन सोमवार सुबह लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त कार देखी।
सोमवार सुबह जब ग्रामीणों ने खाई में टूटी-फूटी कार देखी तो तुरंत पुलिस व 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस और पुलिस की टीम पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू कर दिया था। उन्होंने एक घायल को निजी वाहन से जंजैहली अस्पताल पहुंचाया, जबकि दूसरे घायल को एंबुलेंस से अस्पताल लाया गया।
जानकारी के अनुसार, सराज क्षेत्र के जंजैहली-छतरी सड़क मार्ग पर बीती रात ये दर्दनाक हादसा हुआ। जंजैहली से करीब 8 किलोमीटर आगे मगरूगला के पास ऑल्टो कार (HP-87-1117) अनियंत्रित होकर करीब 400 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे का शिकार लोग सेब सीजन के लिए शंकरदेहरा गए थे और रविवार शाम को वापस लौट रहे थे।
हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह से चकनाचूर हो गई और उसमें सवार सभी लोग छिटककर बाहर जा गिरे। कार में कुल पांच लोग सवार थे, जिनमें से तीन युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए।
एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है। मृतकों की पहचान देवदत्त (37) निवासी गागन, यशपाल (38) निवासी धावन, मंगल चंद (39) निवासी तराला के रूप में हुई है।
वहीं, इस हादसे में लुदर सिंह (34) निवासी गागन, गाड़ी चालक गुमान सिंह (32) निवासी कलैजू) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इनको स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। प्रारंभिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। हादसे का कारण बरसात के चलते सड़क का खराब होना और डंगे का धंसना बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई अमल में ला रही है।
वहीं, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने रविवार रात मंडी जिला के जंजैहली-छतरी मार्ग पर एक सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने ज़िला प्रशासन को मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने इस घटना के दो घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना भी की है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।