मंडी। जिला मंडी के उपमंडल जोगिंद्रनगर के तहत सरकाघाट मार्ग पर शुक्रवार सुबह एक सड़क हादसा पेश आया है। यहां एक कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में एक ही परिवार के पांच सदस्य घायल हो गए। घायलों में 4 महिलाएं शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, हादसा आज सुबह करीब 4 बजे हुआ। इस परिवार के सदस्य सरकाघाट से किसी काम को निपटाकर घर लौट रहे थे।
जोगिंदर नगर शहर से लगभग चार किलोमीटर दूर छतर के पास इनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खाई में जा गिरी। गनीमत रही कि कार एक पेड़ और चट्टान से टकराकर रुक गई। यदि कार सीधे नीचे जाती तो बड़ा जानी नुकसान हो सकता था।
हादसे में घायल हुए सभी सदस्यों में कार चालक जोगिंद्र (60), उनकी पत्नी बीना देवी (58) और बेटी कनिका (27) निवासी ढेलू शामिल हैं। इनके अलावा आंचल (23) पुत्र जितेंद्र और अभिलाषा पत्नी जितेंद्र निवासी समलोट जोगिंदर नगर भी घायल हुई हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए। ग्रामीणों ने घायलों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया जिसके बाद उन्हें एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल पहुंचाया गया।
स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी सकीनी कपूर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कार अनियंत्रित होकर खाई में कैसे गिरी।