कांगड़ा : BSF जवान बलबीर चंद की ये हसरत हमेशा के लिए रह गई अधूरी
ewn24news choice of himachal 08 Nov,2023 4:25 am
नए मकान में नहीं बिता पाए एक भी दिन
राजा का तालाब। कांगड़ा जिला के राजा का तालाब के नजदीकी क्षेत्र नेरना के BSF जवान बलबीर चंद की छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में हैंड ग्रेनेड फटने से जान चली गई।
बलबीर चंद का मंगलवार को उनके पैतृक गांव में पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। सैकड़ों लोगों ने नम आंखों से अंतिम विदाई दी।
BSF जवान बलबीर चंद ने नया मकान बनाया था। अभी गृह प्रवेश भी नहीं किया था। अगले माह छुट्टी पर आकर गृह प्रवेश की योजना बना रहे थे। लेकिन भगवान को कुछ और ही मंजूर था। बलबीर चंद की नए मकान में रहने की हसरत अधूरी रह गई।
बता दें कि बीएसएफ जवान बलबीर चंद की तिरंगे में लिपटी पार्थिव देह मंगलवार को सुबह नेरना पहुंची तो माहौल गमगीन हो गया।
BSF जवान बलबीर चंद की पत्नी सुदेश कुमारी सहित बेटों व परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। भारत माता की जय, तेरा वैभव अमर रहे मां के उद्घोषों से गांव गूंज उठा। शहीद के बड़े बेटे ने पिता की पार्थिव देह को मुखाग्नि दी।
मोक्षधाम सुखार में 24 बटालियन के एएसआई अश्वनी कुमार की अगुवाई में उनकी टीम ने जवान बलवीर चंद की पार्थिव देह को सलामी दी। इस दौरान स्थानीय विधायक भवानी सिंह पठानिया ने जवान की पार्थिव देह पर पुष्प गुच्छ अर्पित किए।
बता दें कि छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव हैं। दंतेवाड़ा जिले में भी पहले चरण में वोटिंग होनी थी। दंतेवाड़ा नक्सल प्रभावित बस्तर संभाग के 12 निर्वाचन क्षेत्रों में से एक है। इसलिए यहां चुनाव के मद्देनजर अतिरिक्त अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है। बलबीर चंद भी अपनी बटालियन के साथ ड्यूटी पर तैनात थे।
रविवार को चुनाव ड्यूटी के लिए कटेकल्याण पुलिस थाने में तैनात बीएसएफ (BSF) की 70वीं बटालियन की एक टीम तलाशी अभियान के लिए जा रही थी। गश्ती दल थाना परिसर से बाहर जा रहा था।
इसी दौरान हेड कांस्टेबल बलबीर चंद के पास पैकेट में रखा हैंड ग्रेनेड अचानक से ब्लास्ट हो गया। घटना में जवान बलबीर चंद गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्हें तुरंत ही दंतेवाड़ा जिला अस्पताल ले जाया गया। यहां पर डॉक्टरों ने बलबीर को मृत घोषित कर दिया।