ऋषि महाजन/नूरपुर। वजीर राम सिंह राजकीय महाविद्यालय देहरी के छात्र-छात्राओं ने परीक्षा केंद्र बदलकर नूरपुर किए जाने पर कड़ा विरोध जताया है।
छात्रों का कहना है कि उन्होंने सत्र 2022–2025 के तहत अपनी पढ़ाई देहरी कॉलेज में पूरी की है और अंतिम वर्ष की परीक्षाओं के लिए आवेदन करते समय परीक्षा केंद्र भी देहरी ही चुना था, लेकिन एडमिट कार्ड जारी होने पर उनका परीक्षा केंद्र राजकीय महाविद्यालय नूरपुर दर्शाया गया, जिससे उन्हें भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
छात्रों के अनुसार देहरी कॉलेज उनके घरों से करीब 15 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, जबकि नूरपुर कॉलेज लगभग 50 किलोमीटर दूर पड़ता है।
छात्रों ने बताया कि कई क्षेत्रों से मुख्य सड़क तक पहुंचने के लिए उन्हें 3 से 4 किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है, वहीं बस सेवा भी बेहद सीमित है। कुछ इलाकों में पहली बस सुबह साढ़े आठ बजे के करीब मिलती है, जिससे समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचना चुनौती बन गया है।
इस मुद्दे को लेकर छात्रों ने एनएसयूआई के जिला उपाध्यक्ष मोनू कुमार के नेतृत्व में देहरी कॉलेज के प्राचार्य और सरदार पटेल यूनिवर्सिटी मंडी के परीक्षा नियंत्रक को लिखित शिकायत भेजी है।
प्रतिनिधिमंडल में सिमरन कौर, पायल गुलेरिया, वंशिका, शिवांगी देवी, साक्षी कौंडल, अंजली कुमारी, नेहा, सिमरन, दीपाली और रितिका सहित अन्य छात्राएं शामिल रहीं।
छात्र-छात्राओं ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, कुलपति से मांग की है कि उनका परीक्षा केंद्र नूरपुर के बजाय देहरी महाविद्यालय में ही निर्धारित किया जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानियों से राहत मिल सके।