सरकाघाट। उपमंडलाधिकारी (ना.) सरकाघाट द्वारा फतेहपुर-चंदेश-दुर्गापुर सड़क मार्ग पर यातायात बंद करने संबंधी आदेश जारी किए गए हैं।
यह निर्णय लोक निर्माण विभाग, उपमंडल भद्रवाड़ द्वारा सड़क के उन्नयन एवं मेटलिंग-टारिंग कार्य को सुचारू रूप से संपन्न करवाने हेतु लिया गया है।
जारी आदेशों के अनुसार फतेहपुर-चंदेश-दुर्गापुर सड़क मार्ग के भदरोई से दुर्गापुर खंड पर 18 मई से 23 मई, 2026 तक सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पूर्णतः बंद रहेगी।
एसडीएम सरकाघाट ने बताया कि सड़क बंद रहने के दौरान आम जनता की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्ग के रूप में सरनोटा-भदरोई रोड तथा जमनी-गौंटा-रखोटा मार्ग का उपयोग किया जा सकेगा। इसके अतिरिक्त किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए ठेकेदार द्वारा एक वाहन एवं मोबाइल संपर्क सुविधा उपलब्ध रखी जाएगी।
प्रशासन ने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए हैं कि मार्ग बंद होने से पूर्व संबंधित स्थानों पर सूचना एवं डायवर्जन बोर्ड लगाए जाएं, ताकि लोगों को असुविधा का सामना न करना पड़े। साथ ही विभाग को निर्धारित अवधि के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
उपमंडल प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि निर्माण कार्य के दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करें।