ऋषि महाजन/नूरपुर। नूरपुर नगर परिषद चुनावों के दौरान रविवार को पूरा शहर चुनावी रंग में रंगा नजर आया। सुबह से ही मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं की लंबी-लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं।
युवा, महिलाएं और बुजुर्गों में मतदान को लेकर भारी उत्साह देखने को मिला। पूरे दिन शहर के अलग-अलग वार्डों में चुनावी हलचल और समर्थकों की आवाजाही बनी रही।
नगर परिषद के सभी 9 वार्डों में गहमागहमी के बीच वार्ड नंबर 2 स्थित अपने पैतृक वार्ड में पूर्व विधायक अजय महाजन समर्थकों के साथ मजबूती से डटे रहे। पोलिंग बूथ के बाहर समर्थकों के साथ लगातार चुनावी चर्चाओं और समीकरणों का दौर चलता रहा।
दोपहर के समय पूर्व विधायक अजय महाजन ने समर्थकों के साथ भोजन का आनंद लिया और चाय की चुस्कियों के बीच लोकतंत्र के इस चुनावी उत्सव का भरपूर मजा लिया। समर्थकों के संग माहौल पूरी तरह उत्साह और ऊर्जा से भरा नजर आया। वहीं वे अपने समर्थकों के साथ पूरे शहर का जायजा लेते रहे और लगातार अलग-अलग वार्डों की स्थिति पर नजर बनाए रखी।
पूर्व विधायक अजय महाजन ने दिनभर नूरपुर शहर के सभी 9 वार्डों का दौरा कर चुनावी स्थिति की समीक्षा भी की। विभिन्न वार्डों में जाकर उन्होंने मतदान प्रतिशत, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और मतदाताओं के रुझान का जायजा लिया।
पूरे दिन शहर में चुनावी उत्साह अपने चरम पर रहा। प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिसके चलते मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से चलती रही। वहीं समर्थकों में जीत को लेकर जबरदस्त उत्साह और आत्मविश्वास देखने को मिला।