ऋषि महाजन/नूरपुर। नूरपुर नगर परिषद चुनावों में कांग्रेस ने बाजी मार ली है। मतदान खत्म होते ही नतीजे सामने आ गए हैं। नूरपुर में 6-3 से कांग्रेस ने कब्जा कर लिया है। कुल 9 वार्डों में हुए चुनाव में कांग्रेस समर्थित 6 उम्मीदवार विजयी रहे, जबकि भाजपा समर्थित 3 प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की।
नूरपुर के वार्ड 9 में एक वोट से जीत हुई है जबकि पिछली बार यहां से कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा था। कांग्रेस की जीत से कार्यकर्ताओं में भारी जोश है। कार्यकर्ता जश्न मना रहे हैं।
चुनाव परिणामों के अनुसार वार्ड नंबर 1 से सीमा देवी विजयी रहीं। वार्ड नंबर 2 से रजनी महाजन ने भाजपा समर्थित प्रत्याशी के रूप में जीत हासिल की। वार्ड नंबर 3 से एकता मेहरा तथा वार्ड नंबर 4 से नीति महाजन विजयी घोषित हुईं। वार्ड नंबर 5 से रंजना शर्मा और वार्ड नंबर 8 से चिराग ने भाजपा समर्थित उम्मीदवार के तौर पर जीत दर्ज की।
इसके अलावा वार्ड नंबर 6 से सोनिया सोगा, वार्ड नंबर 7 से अनामिका और वार्ड नंबर 9 से अश्वनी डफ्फा ने जीत हासिल की। चुनाव परिणाम सामने आते ही समर्थकों में उत्साह का माहौल बन गया। विजयी उम्मीदवारों और उनके समर्थकों ने मिठाइयाँ बांटीं, ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया और नारेबाजी कर खुशी जाहिर की।
पूर्व विधायक अजय महाजन ने कहा कि यह नूरपुर की जनता की जीत है। उन्होंने सभी मतदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि जनता ने विकास और भरोसे की राजनीति पर मुहर लगाई है।