चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिला में शुक्रवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। यहां एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। इस हादसे में कार सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल है। घायल का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक, हादसा भरमौर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर जांघी के समीप हुआ। मृतक की पहचान पवन कुमार पुत्र जन्नत, निवासी उलेणी (चंबा) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कार (HP 48B-5540) जब जांघी के पास पहुंची तो अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी।
जोरदार आवाज सुनकर पास के ग्रामीण तुरंत राहत कार्य के लिए घटनास्थल की ओर दौड़े। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, अग्निशमन विभाग और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। घटनास्थल दुर्गम और अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा।
कड़ी मशक्कत के बाद खाई से दोनों को बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने पवन कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल चालक बर्फों पुत्र बुधिया का उपचार जारी है।
वहीं, इस हादसे की खबर मिलते ही मृतक पवन कुमार के गांव उलेणी में मातम छा गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आगामी कार्रवाई में जुट गई है।