गरली। राष्ट्रीय राजमार्ग-503 पर रक्कड़ के पास बुधवार देर शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। बुलेट की चेन में दुपट्टा फंसने से 63 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौके पर ही जान चली गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
मृतका की पहचान रक्षा देवी (63) पत्नी रूप सिंह चौहान, निवासी गांव गुरल, तहसील देहरा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार रक्षा देवी की पुत्रवधू रक्कड़ स्थित ट्रेजरी कार्यालय में कार्यरत थीं और वहीं किराये के कमरे में रहती थीं। पुत्रवधू का एक मासूम बेटा और बेटी है, जिसकी देखभाल के लिए रक्षा देवी अक्सर एक-दो दिन के लिए रक्कड़ आती-जाती रहती थीं।
बुधवार देर शाम रक्षा देवी रक्कड़ से अपने घर गुरल की ओर अपने बेटे के साथ आ रही थीं। इसी दौरान अपर रक्कड़ क्षेत्र में एक तीखे मोड़ पर अचानक उनका दुपट्टा बाइक की चैन में फंस गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं और घटनास्थल पर ही उनकी मृत्यु हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही रक्कड़ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है।
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी देहरा मयंक चौधरी ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर लिया है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
यह हादसा एक बार फिर सड़क पर दोपहिया वाहनों के दौरान सावधानी और सुरक्षा उपायों की गंभीर आवश्यकता की ओर इशारा करता है।