घुमारवीं। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू पीएम श्री राजकीय बॉयज वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घुमारवीं में 69वें राष्ट्रीय स्कूल गेम्स U-19 गर्ल्स हैंडबॉल चैंपियनशिप के समापन समारोह के अवसर पर पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया गया।
69वीं अंडर-19 छात्रा हैंडबॉल स्कूल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में हिमाचल प्रदेश की टीम ने राजस्थान की टीम को पराजित कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। वहीं, हरियाणा की टीम तीसरे स्थान पर रही। इस प्रतियोगिता में देशभर से आई 30 टीमों ने हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने विजेता और रनर-अप टीमों को सम्मानित किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने नेशनल हैंडबॉल प्रतियोगिता की विजेता हिमाचल प्रदेश टीम को 20 लाख रुपए की पुरस्कार राशि देने की भी घोषणा की साथ ही उन्होंने कहा कि हाल ही में एशियन गेम्स में भाग लेकर हिमाचल लौटी प्रदेश की बेटियों को राज्य सरकार रोजगार उपलब्ध करवाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार स्कूलों में खेलों को बढ़ावा देगी और बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी प्रोत्साहित करेगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार प्रदेश में खेल पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयास कर रही है तथा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में खेल के मैदान बनाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से प्रदेश के युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है, इसलिए सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है। राज्य सरकार ने खिलाड़ियों की डाइट मनी को भी बढ़ाया है।
ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों की आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रख रही है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा राज्य में 400 रुपये तथा राज्य से बाहर 500 रुपये डाइट मनी प्रदान की जा रही है और राज्य से 200 किलोमीटर बाहर प्रतियोगिता में भाग लेने पर हवाई सेवा की सुविधा भी प्रदान की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी की सराहना करते हुए कहा कि खेलों के प्रति उनकी विशेष रुचि रही है, इसी कारण उन्होंने घुमारवीं में नेशनल हैंडबॉल चैंपियनशिप आयोजित करने का निर्णय लिया।
उन्होंने कहा कि घुमारवीं में इंडोर स्टेडियम निर्माण कार्य जल्द पूरा किया जाएगा। इसके अलावा घुमारवीं स्कूल भवन का निर्माण एक वर्ष के भीतर पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मोरसिंगी में गर्ल्ज हॉस्टल का निर्माण किया जाएगा।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी, पूर्व विधायक बंबर ठाकुर व तिलक राज शर्मा, जिला कांग्रेस की अध्यक्ष अंजना धीमान, कांग्रेस नेता विवेक कुमार, एपीएमसी बिलासपुर के चेयरमैन सतपाल वर्धन, निदेशक उच्च शिक्षा अमरजीत शर्मा, निदेशक स्कूल शिक्षा आशीष कोहली, उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार तथा एसपी संदीप धवल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।