ऋषि महाजन/नूरपुर। नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सीआईए नूरपुर की टीम को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। CIA टीम ने कंडवाल चेक पोस्ट पर मुस्तैदी दिखाते हुए एक स्विफ्ट कार को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान कार सवार दो युवकों से चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ, जिसके बाद पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय ड्रग सप्लाई नेटवर्क का पर्दाफाश किया है।
आरोपी युवकों की पहचान अक्षय कुमार उम्र 29 वर्ष निवासी समलोटी, तहसील कांगड़ा, हिमाचल प्रदेश और सवरण सिंह उम्र 28 निवासी बबेहाली, जिला गुरदासपुर, पंजाब (हाल निवासी बिंद्राबन, तहसील पालमपुर, हिमाचल प्रदेश) के रूप में हुई है।
आरोपियों के पास से 43.56 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्विफ्ट कार को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। इस कार्रवाई से अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग पुलिस के हाथ लगे हैं।
नशा माफिया की पूरी सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए गहन जांच की जा रही है। नूरपुर पुलिस को उम्मीद है कि इस मामले में कुछ और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं। थाना नूरपुर में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। मामले की पुष्टि एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने की है।